बुधवार रात से नगर और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। पिछले करीब 15 दिनों से कई बार घने बादल आसमान में छा रहे थे लेकिन, बारिश नहीं हो रही थी। लेकिन, बुधवार रात से ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही शहर में भी झमाझम बारिश हुई। जिसने लोगों का लंबा इंतजार खत्म कर दिया।
बुधवार रात रुक-रुककर बारिश हुई, इसके बाद बृहस्पतिवार तड़के फुहारों के बीच आसमान में घने बादल छाए रहे लेकिन, सुबह से लेकर शाम तक रुक-रुककर कई बार झमाझम बारिश हुई। बारिश ने जहां एक और लोगों को गर्मी से राहत दी तो वहीं दूसरी ओर जलभराव और कच्चे और अधबने मार्गों पर लोगों की दिक्कत बढ़ा दी। शहर में कई दिनों से लोग बारिश का इंतजार कर रहे थे, जो बृहस्पतिवार को पूरा हुआ।
बच्चों ने स्कूल से आकर बारिश में जमकर मौज-मस्ती की और बारिश में नहाए तो वहीं बड़ों ने भी बारिश का आनंद उठाया। थम-थमकर हो रही बारिश से विकास नगर, शिव विहार, नूरमहल आवास विकास, विष्णु विहार, साईं विहार, बजरंग विहार, पुराना गंज, पक्का बाग समेत शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। जौहर अली मार्ग पर कलक्ट्रेट-कचहरी के निकट, महिला डिग्री कालेज के निकट, पुराने रोडवेज बस अड्डे समेत तमाम स्थानों पर भी जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा।
मिलक नगर एवं क्षेत्र में दूसरे दिन रिमझिम होती रही। जिस कारण कई जगह जलभराव एवं फिसलन हो गई। नालियों की कीचड़ सड़क पर आ गई और कई परिषदीय स्कूलों के परिसरों में जलभराव हो गया। जलभराव एवं फिसलन से बच्चों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। मिलक खानम कस्बे में बरसात का पानी दुकानों में घुस जाने से दुकानदार परेशान रहे। दुकानदारों ने पानी की निकासी कराए जाने की मांग की है।
कस्बे के बीच से बिलासपुर रोड का चौड़ीकरण किया गया है। चौड़ीकरण के दौरान सड़क को कस्बे से काफी ऊंचा बना दिया गया। अब दुकानें सड़क से नीचे हो गई हैं। अब होने से दुकानों में पानी भर गया है। दुकानदारों ने जिलाधिकारी से मिलकर जल्द नाला बनवाने की मांग की है।