रामपुर। सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र पर आतंकी हमले के आरोपियों की कोर्ट में पेशी और सुनवाई की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। लगातार दो दिन सुनवाई के बाद एक दिन के अंतराल पर गुरुवार 29 अगस्त को कोर्ट फिर इस मामले में सुनवाई करेगा। जिससे इस प्रकरण में जल्द फैसला आने की उम्मीद की जा रही है।
31 दिसंबर 2007 को हुए आतंकी हमले के मामले की सुनवाई इन दिनों कोर्ट में चल रही है। इस आतंकी हमले में सात जवान शहीद हो गए थे,जबकि एक रिक्शा चालक की मौत हो गई थी। हमले के चालीस दिन बाद पुलिस और एटीएस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले की सुनवाई इन दिनों कोर्ट में चल रही है।सोमवार के बाद मंगलवार को भी इस मामले में सुनवाई हुई। मंगलवार को बरेली और लखनऊ जेल में बंद आठ आरोपियों को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया जहां इस मामले में आरोपियों पर लगे आरोपों पर बहस शुरू हो गई। अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभारी जिला शासकीय अधिवक्ता दलविंदर सिंह ने बहस की। अब इस मामले में 29 अगस्त को सुनवाई होगी। इस दौरान काफी पुलिस बल तैनात रहा।