शाहबाद (रामपुर)। शाहबाद-आसफपुर रोड स्थित गहनी तिराहे के पास शनिवार देर रात ट्रक और कैंटर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में फंस गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।
विज्ञापन
हादसे में कैंटर चालक बरेली निवासी मनोज केबिन में फंसकर बेहोश हो गया, जबकि दूसरे चालक अमरोहा के गजरौला निवासी कुलदीप को भी चोटें आईं। सूचना मिलते ही ढकिया चौकी प्रभारी मनोज कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद मनोज को क्षतिग्रस्त कैंटर से बाहर निकलवाया। इसके बाद उसे एंबुलेंस से सीएचसी भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया।
विज्ञापन
सीओ देवकीनंदन का कहना है कि ट्रक और कैंटर की भिड़ंत हो गई थी। ढकिया चौकी प्रभारी ने केबिन में फंसे चालक को निकलवाकर अस्पताल भिजवाया। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।