रामपुर। कोतवाली पुलिस ने बुधवार की शाम करीब सात बजे एसडीएम व सीओ आवास से करीब पांच सौ मीटर दूर जंगल में करीब 45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया। मृतक का चेहरा जला हुआ है। शव के पास से पुलिस को एक बैग भी मिला। पुलिस ने शिनाख्त न होने पर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
बुधवार की शाम कुछ लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि नगर के मोहल्ला बाजार कलां वार्ड सात में केमरी रोड स्थित एसडीएम व सीओ कार्यालय के सामने एक पेट्रोल पंप के पीछे जंगल में करीब 45 वर्षीय किसी युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह अपने मातहतों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में कर लोगों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया, मगर शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष होगी। उसका चेहरा जला हुआ था और शव के पास से एक बैग भी बरामद हुआ है। पुलिस ने पेट्रोल पंप आसपास के लोगों से भी अज्ञात शव के बारे में जानकारी हासिल की। संभावना है कि कुछ लोगों ने कहीं अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद शव का चेहरा पहचान मिटाने के लिए जला दिया हो और शव यहां फेंक दिया हेागा। पुलिस जांच कर रही है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की तहकीकात की जा रही है।