धमोरा (रामपुर)। शहजादनगर थाना क्षेत्र के दीनपुर गांव में शनिवार रात चोरों ने एक अधिवक्ता के घर आभूषण सहित करीब साढ़े दस लाख का माल साफ कर दिया। अधिवक्ता की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। पीड़ित ने तहरीर देकर चोरी के खुलासे की मांग की है।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के दीनपुर गांव निवासी संजीव यादव और उनके भाई राजीव यादव रामपुर कचहरी में अधिवक्ता हैं। दोनों भाई एक ही मकान में रहते हैं। शनिवार को दोनों अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने गए थे। जिसके बाद शनिवार रात को दोनों परिवार के सदस्य वापस आकर घर पर सो गए थे। इस दौरान आधी रात को चोर बाहर कमरे में लगी खिड़की की जाली काटकर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर करीब पचास हजार की नकदी समेत दस लाख रुपये के आभूषण चुुरा ले गए।
रविवार सुबह करीब चार बजे संजीव यादव की आंख खुली तो अलमारी का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था, जिसे देख परिवार दंग रह गया। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। पीड़ित संजीव यादव ने बताया कि चोर पचास हजार की नकदी व दस लाख रुपये के आभूषण चुरा ले गए हैं। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी है।