रामपुर। हुनर हाट के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ओर से 18 से 17 दिसंबर तक आयोजित इस हुनर हाट में जहां 27 राज्यों के अलग-अलग उत्पाद दर्शाए जाएंगे तो अपने जिले के भी 15 स्टॉल होंगे। इसके लिए नुमाइश ग्राउंड से लेकर सड़कों और पुलों तक को सजाने का काम जारी है। पेड़ों को रंगीन कपड़ों से सजाया गया है, एक तरफ ग्रामीण परिवेश और एक तरफ शहरी परिवेश दर्शाया जाएगा, जिसमें ग्रामीण एवं शहरी परंपराओं की झलक होगी।
केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्रालय की ओर से 18 दिसंबर से लेकर 27 दिसंबर तक हुनर हाट का आयोजन किया जा रहा है। इसका मकसद है कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पटल पर पहचान मिल सके और दूसरे राज्यों के भी अलग-अलग उत्पाद लोगों के सामने आ सकें। रामपुर में हुनर हाट का आयोजन नुमाइश ग्राउंड पर किया जाएगा, जहां जोरशोर से तैयारियां की जा रही हैं। रविवार को नुमाइश ग्राउंड पर और वहां पुल की दीवारों को स्थानीय उत्पादों की पेंटिंग से सजाया जा रहा है। पतंग, चाकू, जरी-जरदोजी, पैचवर्क, रामपुरी टोपी, वायलिन जैसे उत्पादों के सुंदर चित्रों की पेंटिंग हो रही है। नुमाइश ग्राउंड के आगे पेड़ों को रंग बिरंगें कपड़ों से सजाया जा रहा है। पेड़ों के तने को पूरी तरह से ढक दिया गया। क्रेन की मदद से शानदार मंच तैयार किया जा रहा था। इसके अलावा हुनर हाट में सबसे खास यह होगा कि यहां ग्रामीण एवं शहरी परिवेश को दर्शाया जाएगा। इसके लिए एक तरफ गांव तो एक तरफ शहर बसाया जा रहा है। गांव में झोपड़ियां, पुराने जमाने की बैलगाड़ियां, पशुपालन आदि को दर्शाते हुए गांव तैयार किया जा रहा है। शहर की बात की जाए तो वहां बड़ी-बड़ी फैक्टरियों, बिल्डिंगों के मॉडल बनाए जा रहे हैं। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक एसके शर्मा ने बताया कि रामपुर का हुनर हाट अलग होगा। इसमें स्थानीय उत्पादों के साथ ही साथ देश के 27 राज्यों के प्रमुख उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा एक रसोई बनाई जाएगी, जिसमें प्रदेशों के अलग अलग व्यंजन तैयार होंगे।
हुनर हाट में पहुंचते पहुंचते मिल जाएगी स्थानीय उत्पादों की जानकारी
रामपुर। जिले के प्रमुख उत्पादों में शामिल रामपुरी चाकू को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। हुनर हाट में रामपुर की टोपी, चाकू, वायलिन, पतंग, जरी-जरदोजी, पैचवर्क आदि के 15 स्टॉल लगाए जाएंगे। खास बात यह होगी कि प्रदर्शनी में पहुंचने से पहले ही लोगों को यह पता लग जाएगा कि यहां के उत्पाद कौन-कौन से हैं। इसके लिए नुमाइश ग्राउंड के मार्ग, पुल आदि को स्थानीय उत्पादों के जरिये सजाया जा रहा है।
डीएम हुनर हाट की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रामपुर। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने हुनर हाट के आयोजन के लिए नुमाइश ग्राउंड का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई आदि का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए।
रविवार को जिलाधिकारी नुमाइश ग्राउंड पहुंच गए। यहां उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद शौचालयों की साफ-सफाई आदि देखी। उन्होंने कहा कि हुनर हाट में देश के विभिन्न राज्यों के लोग आएंगे। साथ ही राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के आने जाने का सिलसिला रहेगा। ऐसे में व्यवस्थाएं एकदम चाक चौबंद होनी चाहिए। उन्होंने पंडाल, सजावट आदि का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट रामजी मिश्रा मौजूद रहे।
रामपुर में रविवार को नुमाइश ग्राउंड में क्रेन से हुनर हाट कार्यक्रम का मंच तैयार करते कर्मी।संव?- फोटो : RAMPUR
रामपुर में रविवार को नुमाइश ग्राउंड में हुनर हाट कार्यक्रम के लिए बैलगाड़ी तैयार करते कारीगर। स?- फोटो : RAMPUR
रामपुर में रविवार को नुमाइश ग्राउंड में हुनर हाट कार्यक्रम के पूर्व मिट्टी की झोपड़ी तैयार करते ?- फोटो : RAMPUR