मोहित सक्सेना
रामपुर।
ग्रामीण इलाकों में जल्द ही मकान या फिर व्यावसायिक प्रतिष्ठान बनाना महंगा होने वाला है। भविष्य में भवन बनाने से पहले जिला पंचायत से नक्शा पास करना होगा और यह नक्शा अब काफी महंगा होने जा रहा है। प्रति वर्ग मीटर जमीन की दर से पूर्व की दरों में जिला पंचायत ने 30 प्रतिशत तक वृद्धि करने का फैसला लिया है। इन प्रस्तावित दरों पर अभी कमिश्नर की सहमति मिलना शेष है।
यूं तो शहरी इलाकों में बिना नक्शे के भवनों के निर्माण को लेकर सख्ती दिखाई जाती रही है, लेकिन अब जिला पंचायत भी अपनी आय बढ़ाने पर जोर दे रहा है। इसी चक्कर में उसने बिना नक्शे के भवनों के निर्माण करने वालों पर सख्ती बरतने की योजना बना ली है। नियमानुसार, 300 वर्ग मीटर तक जमीन पर भवन बनाने में किसी भी तरह के नक्शे की आवश्यकता नहीं है, लेकिन इससे अधिक क्षेत्र में बनने वाला भवन वह चाहे आवासीय हो या फिर कॉमर्शियल उस पर जिला पंचायत नक्शा अनिवार्य कर दिया है। इस नियम को अब पंचायत सख्ती से लागू करने के मूड में है। नक्शा के जरिए जिला पंचायत अपनी आय बढ़ाने की कोशिश में है। अभी हाल ही के दिनों में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक हुई थी। इसमें निजी स्रोत से आय बढ़ाने पर मुद्दा भी उठा था। इसी बैठक में ही जिला पंचायत सदस्यों ने भवनों के नक्शों के संबंध में पूर्व से निर्धारित शुल्क की दरों में वृद्धि करने की सहमति दी है। उसी के बाद से जिला पंचायत की ओर से शुल्क वृद्धि का प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है। इस प्रस्ताव तय किया गया है कि अब 300 वर्ग मीटर के क्षेत्रफल से ज्यादा क्षेत्र में भवन के निर्माण में नक्शे के शुल्क की दरों पर वृद्धि की जाएगी। वर्तमान में आवासीय भवन के नक्शे के लिए 10 रुपये प्रतिवर्ग मीटर की दर से शुल्क है, जिसमें 15 रुपये की वृद्धि कर कुल 25 रुपये किया जा रहा है। इसी तरह कॉमर्शियल भवन में 20 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से नक्शे का शुल्क निर्धारित है। जिसमें और 30 रुपये की वृद्धि कर कुल 50 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से नक्शे का शुल्क बढ़ाया जा रहा है।जिला पंचायत ने अपने इस प्रस्ताव को मंडलायुक्त को भेज भी दिया है। जिस पर मंडलायुक्त की सहमति मिलते ही भवन के संबंध में नक्शे के शुल्क की प्रस्तावित नई दरें प्रभावी हो जाएंगी। (संवाद)
नक्शे के शुल्क की दरें बढ़ने से दोगुनी होगी आय
जिला पंचायत बोर्ड के पदाधिकारियों को उम्मीद है कि प्रस्तावित नई दरों के लागू होने के बाद भवन के नक्शों से होने वाली आय दोगुनी हो जाएगी। प्रभारी अपर मुख्य अधिकारी नीरज रस्तोगी बताते हैं कि चालू वित्त वर्ष में जिला पंचायत की ओर से 27 भवनों के नक्शे स्वीकृत किए गए थे। जिसमें पंचायत को 70 लाख रुपये की आय हुई है। अब नई दरों के लागू होने से पंचायत की आय बढ़ाना निश्चित ही है।
- बनने वाले भवन नक्शे के शुल्क की दरों को बढ़ाया जा रहा है। प्रस्ताव तैयार कर मंडलायुक्त को भेजा गया है। मंजूरी के बाद इसे लागू किया जाएगा।
- नीरज रस्तोगी, प्रभारी अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत