स्वार। नगर और ग्रामीण क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत बनी हुई है। उपभोक्ता परेशान हैं। सुबह से शाम तक लाइन में लगने के बाद भी कई लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। मंगलवार को बथुआखेड़ा, नरपतनगर और पुसवाड़ा एजेंसियों पर गैस की एक-एक गाड़ी पहुंची, जबकि उपभोक्ताओं की कतारें लंबी रहीं। कुछ ही घंटों में सिलिंडर खत्म हो गए और कई लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
मंगलवार को स्वार इंडेन गैस एजेंसी पर गाड़ी नहीं पहुंची, जिससे गैस लेने आए उपभोक्ताओं को वापस लौटना पड़ा। इससे पहले सोमवार को छह दिन बाद गाड़ी आई थी। बथुआखेड़ा इंडेन ग्रामीण वितरक पर सुबह से ही लंबी कतार लग गई। तेज धूप में घंटों इंतजार करने के बाद भी जब सिलिंडर नहीं मिला तो लोग निराश होकर घर लौट गए।
लाइन में लगे उपभोक्ता रामकुमार ने बताया कि वह सुबह से कतार में खड़े हैं लेकिन सिलिंडर खत्म हो गए। वहीं हरिओम, मोहम्मद अनस और सतीश कुमार ने बताया कि वे बिना चाय-नाश्ता किए सुबह ही गैस लेने आ गए, लेकिन उन्हें सिलिंडर नहीं मिल सका। इंतजार करना लोगों की मजबूरी बन गया है।