बिलासपुर। ग्राम डिबडिबा की चीमा कॉलोनी में किराए पर रहकर मूवी एडिटिंग की कोचिंग करने वाले गगन सागर (21) की मौत फंदे पर लटकने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इसकी पुष्टि हुई है। गगन रामपुर के शिव विहार कॉलोनी का निवासी था। शनिवार को उनका शव कमरे में पंखे से लटका मिला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
रामपुर की शिव विहार कॉलोनी निवासी ओम प्रकाश सागर का पुत्र गगन सागर (21) कोतवाली क्षेत्र में उत्तराखंड सीमा से सटे गांव डिबडिबा की चीमा कॉलोनी में किराए पर रहता था। वह रुद्रपुर में मूवी एडिटिंग की कोचिंग करता था। पुलिस के अनुसार गगन के साथ एक युवक और रहता था। शनिवार की शाम गगन की मां ने जब उसे फोन किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ।
उन्होंने रुद्रपुर में रहने वाले अपने भाई प्रदीप को गगन का फोन रिसीव न होने की बात बताई। प्रदीप जब मौके पर पहुंचे तो देखा कमरे में गगन का शव पंखे से झूल रहा था। उनकी सूचना पर कोतवाली प्रभारी जीत सिंह, रुद्रबिलास चौकी प्रभारी चंद्रवीर सिंह, सीआ हर्षिता सिंह मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक के पिता ओमप्रकाश ने कुछ लोगों पर पुत्र की हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को साैंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से संबंधित प्रतीत हो रहा है। पीएम रिपोर्ट में हैंगिंग से माैत होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। हालांकि अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।