सैदनगर(रामपुर)। गंज थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क हादसे में महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतक एक ही गांव के निवासी थे। हादसे की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में एक साथ चार मौत होने पर गांव में मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों के पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। गंज थाना क्षेत्र के गांव काशीपुर मडैया निवासी मुकेश (19) और विमल (21) एक फैक्टरी में मजदूरी करते थे। सोमवार सुबह दोनों बाइक से फैक्टरी जा रहे थे। इसी दौरान जौहर अस्पताल और केसरपुर गांव के बीच सामने से आ रहे डंपर की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। हादसे की सूचना जब गांव पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। गांव निवासी राजेंद्र (22 ) को जब हादसे की जानकारी हुई तो वो हादसे में मृत मुकेश को अपना रिश्तेदार समझकर अपनी चाची कमला और मां वीरवती को बाइक पर बैठाकर मौके के लिए निकल गया। इसी दौरान हादसे के घटनास्थल से कुछ दूरी पहले उसकी बाइक सामने से आ रही गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। हादसे में राजेंद्र और उसकी चाची कमला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मां के घायल होने पर उसका उपचार कराने के बाद घर ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी आ गई। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद डंपर और ट्रैक्टर-ट्राली चालक मौका पाकर फरार हो गए।