स्वार। नगर में बिलासपुर मार्ग पर स्थित स्मार्ट प्वाइंट के सामने शनिवार को ई-रिक्शा और बाइक की भिड़ंत में ई-रिक्शा पलटने से दंपती समेत चार लोग यात्री घायल हो गए। हादसा स्थल पर मची चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग आ गए जिन्होंने घायलों की मदद की और सीएचसी पहुंचाया। इस बीच बाइक सवार हादसे के बाद बाइक लेकर तेजी से भाग निकला।
जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर थाना भोट क्षेत्र के कोयला कोयली गांव निवासी शाहिद अपनी पत्नी फरजाना के साथ ऊधमसिंह नगर के केलाखेड़ा जा रहे थे। साथ में उनके बच्चे रहनुमा व तंजीम भी थे। बताते हैं कि जैसे ही उनका ई-रिक्शा बिलासपुर मार्ग पर स्मार्ट प्वाइंट के सामने पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से ई रिक्शा की भिड़ंत हो गई। हादसे में ई रिक्शा पलट गया। हादसे के तत्काल बाद बाइक चालक तेजी से भाग निकला।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पलट गया। हादसा स्थल पर तत्काल ही आसपास के लोग पहुंच गए और उन्होंने ई रिक्शा को सीधा कर उसमें फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में शाहिद, उसकी पत्नी फरजाना, बच्चे रहनुमा और तंजीम को घायल अवस्था में सीएचसी पहुंचाया, जहां से शाहिद को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। संवाद