रामपुर। नया साल रामपुर में उद्योगों की नई सौगात लेकर आया है। इस साल जिले में पांच नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी। इन इकाइयों के माध्यम से जिले में 114.75 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इससे रामपुर के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। 660 लोगों को तो प्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त हो सकेगा। जबकि, करीब दो हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है।
औद्योगिक नगरी के नाम से विख्यात रहा रामपुर अब फिर से औद्योगिक विकास की ओर अग्रसर होने लगा है। जिले में लकड़ी उद्योग के साथ ही कई नए उद्योग धंधे भी स्थापित होने लगे हैं। 2022 के लिए बात की जाए तो उपायुक्त उद्योग को जिले में पांच नई इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रस्ताव मिल गए हैं। जिन पर काम शुरु हो गया है। इनमें स्वाति कैम्पर, बालाजी पेपर प्रोडक्ट्स, सारा इंटरप्राइजेज, क्वालिटी ऐरोमैटिक्स और फिरोज अहमद की आयरन वर्क्स इंडस्ट्री शामिल हैं। पांचों उद्योगों के माध्यम से जिले में 114.75 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिसमें सिर्फ स्वाति कैम्पर सौ करोड़ रुपये निवेश करेगी। पांचों नए उद्योगों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इन उद्योगों के माध्यम से 660 लोगों को प्रत्यक्ष व करीब दो हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त होगा।