रामपुर। राजकीय रजा स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। काॅलेज की ओर से स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए प्रथम मेरिट सूची जारी कर दी है। महाविद्यालय प्रशासन ने एमए, एमएससी और एमकॉम पाठ्यक्रमों में चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
कॉलेज की प्राचार्य डाॅ.जागृति मदान ढींगरा ने बताया कि एमए में हिंदी, अंग्रेजी, मनोविज्ञान, उर्दू, भूगोल, राजनीति विज्ञान और इतिहास विषयों की प्रथम मेरिट सूची जारी की गई है। वहीं एमएससी में गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान तथा प्राणी विज्ञान विषयों के लिए भी पहली मेरिट सूची जारी कर दी गई है। इसके अलावा एमकॉम की प्रथम मेरिट सूची भी अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध करा दी गई है।
बताया कि महाविद्यालय में एमए के प्रत्येक विषय तथा एमकॉम में 80-80 सीटें निर्धारित हैं। एमएससी गणित में 40 सीटें, जबकि भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान में 30-30 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। प्राचार्य ने प्रथम मेरिट सूची में चयनित सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि वे अपने सभी आवश्यक मूल अभिलेखों तथा निर्धारित प्रवेश शुल्क के साथ तीन अगस्त तक महाविद्यालय पहुंचकर प्रवेश सुनिश्चित करा लें। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद प्रथम मेरिट सूची के आधार पर प्रवेश का अवसर समाप्त माना जाएगा। इसके बाद रिक्त बची सीटों पर महाविद्यालय के नियमानुसार अगली मेरिट सूची जारी की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से प्रवेश संबंधी सभी सूचनाओं एवं प्रथम मेरिट सूची का अवलोकन महाविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर करने की अपील की है।
-