स्वार/मिलकखानम। थाना मिलकखानम क्षेत्र के पीपली आरक्षित वन में अवैध कटान और वन विभाग की टीम पर फायरिंग के मामले में उत्तराखंड के गदरपुर निवासी दो सगे भाइयों समेत कई अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वन विभाग के सेक्शन प्रभारी अतुल कुमार की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, तीन मार्च को वह दरोगा कपिल और रक्षक बलविंदर सिंह के साथ पीपली वन के कक्ष संख्या 11 में गश्त कर रहे थे। आरा चलने की आवाज सुनकर जब टीम मौके पर पहुंची तो कुछ लोग खैर के पेड़ के टुकड़े कर रहे थे। वन कर्मियों को देख एक आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया। इसके बाद चार अन्य आरोपियों ने भी दो राउंड फायरिंग की। सुरक्षा के लिए वन टीम ने एक हवाई फायर किया।
फायरिंग करने वालों में अमरीक उर्फ डॉक्टर और पिंटू पुत्र गुरमुख सिंह निवासी कलकत्ता थाना गदरपुर (उधमसिंह नगर) की पहचान हुई है। थानाध्यक्ष निशा खटाना ने बताया कि भारतीय वन अधिनियम की धारा 26 समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।