रामपुर। आबादी के बीच चल रहे गोदाम में केमिकल से ज्वलनशील द्रव्य तैयार करने के मामले में पुलिस ने गोदाम स्वामी को नामजद करते हुए पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच तेज करते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए पुलिस ने कई जगह दबिश भी दी। अभी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौकी हजियानी मोहसिन पुत्र बच्छन का गोदाम है। बताया जाता है कि गोदाम में केमिकल से पेट्रोल, केरोसिन ऑयल और डीजल तैयार किया जाता है। शनिवार को शार्ट सर्किट की वजह से गोदाम में आग लग गई थी। कई ड्रम फट गए। चंद मिनट में ही आग ने भयावह रूप ले लिया। आग की दो मंजिल ऊंची लपटें उठने लगीं। आग लगने की वजह से मोहल्ले के लतीफ, रमेश, खुर्शीद, भूरा, अल्लन, इरफान एवं रूबीना के मकान को भी काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया था।
रविवार को कोतवाली पुलिस ने इस मामले में इंस्पेक्टर तेजवीर सिंह की तहरीर के आधार पर गोदाम स्वामी मोहसिन समेत पांच अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 285, 436, 336, 427 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। तहरीर में कहा गया है कि मोहसिन अपने साथियों के साथ अवैध रूप से केमिकल का प्रयोग कर ज्वलनशील द्रव्य तैयार कर रहा था। इंस्पेक्टर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। कई जगह दबिश भी दी गई, लेकिन अभी आरोपियों का कुछ पता नहीं लग सका है। बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।