रामपुर। उमस भरी गर्मी के बीच ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों को गंदगी, दुर्गंध और अन्य असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। रामपुर पहुंची एक ट्रेन की पड़ताल में सामान्य कोच के डस्टबिन पर पान की पीक, गंदे पानी से भरा वॉशबेसिन और शौचालय से उठती दुर्गंध मिली।
रामपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह काशी विश्वनाथ, दून एक्सप्रेस, अवध असम और योगनगरी ऋषिकेश ट्रेनें रुकती हैं, जिनमें रामपुर से बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। यात्रियों को पहले सीटों के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है और फिर गर्मी में पसीना बहाते हुए यात्रा करनी पड़ रही है। इसके साथ ही उन्हें गंदगी और अन्य असुविधाओं का भी सामना करना पड़ रहा है।
रामपुर में रुकी योगनगरी ऋषिकेश ट्रेन के सामान्य कोच में डस्टबिन में कचरे की जगह पान की पीक भरी मिली। कोच की दीवारें भी पान की पीक से सनी थीं, जिससे लंबे समय से सफाई न होने का आभास हो रहा था। वॉशबेसिन गंदे पानी से लबालब भरा था और ट्रेन चलने के दौरान पानी छलकने से वहां खड़े यात्रियों के कपड़े भी गंदे हो रहे थे।
कोच में लगे पंखे भी नहीं चल रहे थे, जिससे यात्री पसीने से तरबतर रहे। हालांकि, ट्रेन में शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर भी अंकित थे। यात्रियों को घंटों इन परिस्थितियों में मुरादाबाद और अन्य स्टेशनों तक सफर करना पड़ा।
0000
ऐसा नहीं है। स्टाफ यहां हो या अन्य जगह, सभी यात्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखता है। लोगों को भी जागरूक होना चाहिए कि इतनी गंदगी न करें, जिससे अन्य यात्रियों को परेशानी उठानी पड़े। स्वच्छता में सभी का सहयोग जरूरी है। -मोहम्मद आजम, स्टेशन अधीक्षक, रामपुर