रामपुर। बिलासपुर में मंगलवार रात नैनीताल हाईवे स्थित देसी शराब की दुकान के पास कैंटीन संचालक द्वारा गिलास के पांच रुपये वसूलने को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। जमकर हुई मारपीट में शराब की दुकान का सेल्समैन, कैंटीन संचालक समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में दोनों पक्षों के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।मंगलवार की रात करीब 10 बजे नगर में आंबेडकर पार्क के सामने नैनीताल हाईवे स्थित देसी शराब की दुकान के पास कैंटीन में गिलास के पांच रुपये वसूलने को लेकर मोहल्ला टांडा हुरमतनगर निवासी अर्जुन का कैंटीन संचालक इंद्रजीत निवासी शिवनगर के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।
इस बीच शराब की दुकान के सेल्समैन टाहकलां निवासी विशाल से भी मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल ग्राम टांडा हुरमततनगर निवासी अर्जुन, ग्राम टाह कलां निवासी सेल्समैन विशाल और कैंटीन संचालक इंद्रजीत निवासी शिवनगर को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी भेजा।
पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में मोहल्ला टांडा हुरमतनगर निवासी राहुल पुत्र कैलाश, सुमित पुत्र मुन्ने, विकास पुत्र मुन्ने तथा दूसरे पक्ष के रिंकू पुत्र रामभरोसे निवासी छाबड़ा थाना कुढ़फतेहगढ़ जिला संभल व अरुण सागर पुत्र राजकुमार सागर निवासी डैम कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि सभी लोग शराब के गिलास को लेकर हाईवे किनारे आपस में झगड़ा कर रहे थे।