मिलक। नगर स्थित बिजली घर के एसडीओ मोहन कृष्ण ने कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि शासन के आदेश पर आरडीएसएस योजना के अंतर्गत स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य किया जा रहा है। नगर क्षेत्र में टीम स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य कर रही है।
शनिवार की दोपहर 1:30 बजे मोहल्ला बशीर नगर में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए टीम पहुंची। वहां मौजूद धनेली उत्तरी, मोहल्ला शाहूजी नागर और बशीर नगर निवासी कुछ लोगों ने टीम को स्मार्ट मीटर लगाने से रोका। विरोध करने पर टीम के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। टीम के सदस्य विवेक यादव ने मारपीट कर रहे दबंगों का वीडियो बनाने का प्रयास किया। दबंगों ने उनका मोबाइल छीनकर फेंक दिया।
डिवीजन इंचार्ज अभय कुशवाहा के साथ मारपीट करते हुए टीम के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देकर उन्हें वहां से भगा दिया। एसडीओ ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद अवर अभियंता मोहम्मद हसनैन अंसारी, टीजी टू सरोज यादव और जितेंद्र मौर्य, संविदा कर्मी विजयसिंह को गंभीर आरोप में फंसाने की धमकियां दी।
कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों ही पक्षों की ओर से तहरीरें प्राप्त हुई हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच उपरांत विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद