रामपुर। भाजपा के जिला कार्यालय पर मंगलवार को उस समय अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया है जब बैठक खत्म होने के बाद मिलक क्षेत्र के दो नेताओं में कहासुनी हो गई। दोनों नेता मिलक विधानसभा क्षेत्र से संबंधित हैं। हालांकि पार्टी के पदाधिकारी मामले को दबाने की कोशिश में लग गए है। देर शाम तक सिविल लाइंस क्षेत्र पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के आवास पर बैठक होती रही, लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका।
नोकझोंक की घटना एक वरिष्ठ महिला नेता और कई अहम जिम्मेदारी संभाल चुके वरिष्ठ नेता के बीच हुई। महिला नेता का कहना है कि पार्टी के एक बुजुर्ग नेता ने उनके साथ बदतमीजी से पेश आए हैं और असंसदीय भाषा का इस्तेमाल किया है। उन्होंने बताया कि जो बुजुर्ग नेता हैं वो अपने आप को पार्टी का सबसे पुराना नेता मानते हैं। मंगलवार को पार्टी के एक पदाधिकारी से परिचय के वक्त वो दूसरे नेताओं के बारे में कहा रहे थे कि कौन-कौन सपा और बसपा से भाजपा में आया है। महिला नेता के बारे में उन्होंने कहा कि ये भी सपा से आई हैं। इस पर महिला नेता ने उनसे कह दिया कि आप भी पार्टी छोड़कर चले गए थे और बसपा से भी टिकट मांग रहे थे। इतना कहने पर बुजुर्ग नेता महिला नेता पर भड़क गए। आरोप है कि वो उल्टा सीधा कहने लगे। महिला नेता का आरोप है कि बुजुर्ग नेता का पुत्र भी वहां मौजूद था, उसने भी अपने पिता का साथ दिया। बुजुर्ग नेता के अपशब्द सुनने के बाद महिला नेता रोने लगी। इसके बाद पार्टी के पदाधिकारी उनको समझाने में जुट गए। देर शाम तक उनका मनाने की कोशिश चलती रही। भाजपा के एक नेता के सिविल लाइंस स्थित आवास पर देर शाम तक बैठक चली। जहां पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस संबंध में जब महिला नेता से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कहा कि मैं इस व्यवहार से बहुत आहत हूं। मेरी तबीयत बिगड़ गई है। मिलक क्षेत्र के बुजुर्ग नेता कई बार ऐसी हरकत कर चुके हैं। वहीं महिला नेता के पति ने कहा कि इस मामले की शिकायत पार्टी फोरम पर की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित अन्य सभी नेताओं को अवगत कराया जाएगा कि पार्टी में महिलाओं को अपमानित किया जा रहा है। बुजुर्ग नेता के पुत्र ने बताया कि दुर्व्यवहार के आरोप गलत हैं। अनौपचारिक रूप से बातचीत चल रही थी।
पार्टी कार्यालय पर ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। महिलाओं को पार्टी में सम्मान दिया जाता है। किसी महिला नेता ने मुझे इस तरह की घटना के बारे में लिखित या मौखिक रूप में नहीं अवगत कराया है। हो सकता है आपस में कोई बातचीत हुई हो। इसे पार्टी स्तर पर सुलझा लिया जाएगा।
अभय गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष