बिलासपुर। बिजली चोरी रोकने एवं बकाया वसूली के लिए विद्युत विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो बिजलीघरों की टीमों ने बृहस्पतिवार को चार गांवों में छापेमारी की। जिसके तहत कुल 232 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए तथा 18 के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
अधिशासी अभियंता कर्मवीर सिंह ने बताया कि गुरुवार को अशोकनगर विद्युत उपकेन्द्र के एसडीओ अभय सिंह के नेतृत्व में सिहोर व कासमगंज गांव में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 18 लोग चोरी से बिजली जलाते पकड़े गए। इनमें से पांच लोग ऐसे हैं, जिन्हें दूसरी बार बिजली चोरी के आरोप में पकड़ा गया है। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही साढ़े नौ लाख रुपये की कुल बकाया वाले 62 कनेक्शन काट दिए गए हैं। इसके अलावा बकायेदारों से कुल साढ़े तीन लाख रुपये की वसूली भी की गई। अभियान में अवर अभियंता जितेन्द्र प्रसाद, विनोद कुमार गंगवार, संजय सैनी, चंद्रप्रकाश सिंह, रविंद्र, अशोक, करन, छोटे आदि टीमों में शामिल रहे। वहीं नगर विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ प्रदीप कुमार प्रसाद के नेतृत्व में खोदलपुर गांव व नगरीय क्षेत्र कस्बा राजपुर, हिरनखेड़ा में भी अभियान चलाया गया। इन दोनों स्थानों पर 170 बकायेदारों की बिजली लाइनें काटी गईं। करीब चार लाख रुपये की बकाया वसूली भी की गई। टीमों में अवर अभियंता इरशाद हुसैन, घनवीर सिंह नागर, नितेश, बबलू, अजय कुमार, रघुबर दयाल, रामप्रवेश आदि शामिल रहे।