रामपुर। पनवड़िया स्थित सद्भावना केंद्र में चल रहे तीन दिवसीय विराट किसान मेले का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने किसानों को चार ट्रैक्टर और एक कंबाइन की चाबी सौंपी। कृषि यंत्र मिलने पर किसानों के चेहरे खिल उठे। मंत्री ने कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रों से खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान मंत्री ने अतिवृष्टि, बाढ़ और जलभराव से फसल बर्बाद होने वाले किसानों को भी भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रभावित खेतों का स्थलीय सर्वे कराया जाएगा। सर्वे में फसल नुकसान मिलने पर प्रत्येक किसान को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
तीन दिन चले मेले में रामपुर समेत आठ जिलों के करीब 1400 किसानों ने हिस्सा लिया। मेले में कृषि यंत्र, उन्नत बीज, मृदा परीक्षण, प्राकृतिक खेती, श्रीअन्न, रेशम और उद्यान से जुड़े 60 स्टॉल लगाए गए। मंत्री ने बीज भंडारों पर प्रमाणित बीज 50 प्रतिशत छूट पर उपलब्ध कराने की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक और जैविक खेती के साथ फल-बागवानी अपनाने की अपील की।
सीडीओ गुलाब चंद्र ने किसानों से कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के मोबाइल नंबर सुरक्षित रखने को कहा। उप कृषि निदेशक राम किशन सिंह ने फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने खाद की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था की जानकारी दी।
इस दौरान 10 किसानों को मटर बीज की मिनीकिट भी निशुल्क दी गई। डीसीबी चेयरमैन मोहन लाल सैनी और भाकियू टिकैत के प्रदेश महासचिव हसीब अहमद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।