पनवड़िया नुमाइश मैदान में लगे किसान मेले में स्टाल का निरीक्षण करते राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख:
रामपुर। कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत तीन दिवसीय किसान मेला शुरू हो गया। इस दौरान प्रदेश के कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता में किसान शामिल हैं। सरकार किसानों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिसका लाभ किसान उठा रहे हैं। पनवड़िया स्थित नुमाइश मैदान में किसान मेले का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में नौ एग्रोक्लाइमेटिक जोन आते हैं। जनपद में एग्रोक्लाइमेटिक जोन-1 भावर एवं तराई क्षेत्र के अन्तर्गत विराट किसान मेले का आयोजन किया गया है और इसके अन्तर्गत आठ जनपद आते हैं।
प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्राथमिक बिंदुओं में किसान आते हैं और इसी के दृष्टिगत सरकार द्वारा किसानों के हित में कार्य कर जन कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं। पहले किसानों को स्रोत पर बीज का पूरा मूल्य देना होता था, अब स्रोत पर ही 50 प्रतिशत छूट देकर किसानों की मांग के अनुसार बीज उपलब्ध कराया जाता है।
कृषकों की डिजिटल पहचान के लिए जनपद के 78 प्रतिशत कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री कराई गई है। जिससे अब किसानों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए कहीं भी खतौनी नहीं देनी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश में सोलर पंप का लक्ष्य 15000 से बढ़ाकर 75000 कर 60 प्रतिशत का अनुदान पर देने, कृषि यंत्रों पर 50-80 प्रतिशत अनुदान देने, किसानों की ट्यूबवेल की बिजली फ्री करने का काम किया है।
डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि किसानों से अपनी व अपने आसपास के किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने व कृषि वैज्ञानिकों द्वारा बताई गई तकनीक अपनाकर खेती करने के लिए आह्वान किया गया। उप कृषि निदेशक राम किशन सिंह ने किसान मेले के उद्देश्य एवं कृषि विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उनमें देय सुविधाओं की जानकारी दी।
इस मौके पर एसपी विद्या सागर मिश्र, सीडीओ गुलाब चंद्र ने सतबन्त सिंह एवं इकबाल सिंह ग्राम-रहपुरा मिलक को टैक्टर, बेलर, हे-रैक, कटर, क्रॉप रीपर आदि पर रुपये 32 लाख का अनुदान देते हुए कृषकों को ट्रैक्टरों की चाबी सौंपी।