किसान कल्याण समिति के अध्यक्ष व पूर्व विधायक जयदीप सिंह बरार के नेतृत्व में किसानों ने कारसेवा के माध्यम से रामपुर-बरेली सीमा पर खमरिया स्थित बैगुल नदी बांध पर कच्चे बांध का निर्माण कार्य दूसरे दिन भी किया। किसानों द्वारा बांध को बांधने के लिए बांध के दक्षिण दिशा में मिट्टी को एकत्रित करने का कार्य किया गया।
वहीं तमाम किसानों ने बांध से जुड़ी धौरी नदी की सफाई करने का भी कार्य शुरू कर दिया ताकि बांध के पानी की निकासी धौरी नदी में होकर आसानी से हो सके। सोमवार को दूसरे दिन किसानों ने बांध पर मौजूद तमाम किसानों ने बांध बांधने से पहले पानी की बेहतर निकासी करने के लिए रामपुर की सीमा में स्थित धौरी नदी की साफ सफाई के कार्य को किया गया। बांध पर मौजूद पूर्व विधायक जयदीप सिंह बरार ने बताया है कि 31 अक्तूबर को बांध पर पटेल जयंती के कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। बांध पर दोपहर बाद कच्चा बांध बांधने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। देर शाम तक कच्चा बांध बांधकर बैगुल नदी के पानी की धार को धौरी नदी में शुरू कर दिया जाएगा जो बैगुल नदी का पानी धौरी नदी में होकर जिला बरेली की तहसील बहेड़ी के पिपला गांव की झील में एकत्रित होगा। झील में पानी एकत्रित होने के बाद ढकिया नहर, मनकरा नहर और कनकपुर गौंटिया की कैलईया को जाना शुरू हो जाएगा। इस मौके पर वेद प्रकाश कश्यप, किसान मजदूर संगठन के बलवीर सिंह गंगवार, चौधरी विजयपाल, ठाकुर कृष्णपाल सिंह, शंकर सिंह, सोमपाल सिंह, गजराज सिंह आदि ने सहयोग किया।