किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू सड़क पर उतर आई। कलेक्ट्रेट में धरना देकर प्रदर्शन किया। किसानों का कहना था कि नहरों की सफाई के नाम पर खानापूरी की गई है। नहरों में टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। चीनी मिलें किसानों का शोषण कर रही हैं। किसान को गन्ने का भुगतान नहीं हो रहा है।
राष्ट्रीय आह्वान पर भाकियू कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष गुरविंदर सिंह पन्नू के नेतृत्व में अंबेडकर पार्क में एकत्र हुए। पहले पंचायत की और फिर जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। काफी देर धरना देने के बाद नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना था कि सरकार ने अभी तक गन्ना मूल्य घोषित नहीं किया है।
चीनी मिलें किसानों का शोषण कर रही हैं। किसानों को बीते साल का भी गन्ने का भुगतान नहीं मिला है। अधिकतर किसानों को अभी तक फसलों का मुआवजा भी नहीं मिला है। प्रशासन के रवैये से किसान खफा हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग ने नहरों की सफाई के नाम पर लाखों का घपला किया है।
सफाई के नाम पर खानापूरी कर दी गई। टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। बिजली विभाग निजी नलकूपों के अधिक बिल भेज रहा है। किसानों ने समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की। धरना देने वालों में उमेश पटेल, मोहम्मद रफीक, मेहंदी हसन, मुहम्मद मुस्तकीम, मुहम्मद उस्मान, हरजीत सिंह बाजवा, अब्दुल हसन, सुनील मौर्य, बलविंदर सिंह, मुहम्मद सादिक अली, इंद्रपाल पटेल, लड्डन, छुट्टन, मेघराज मौर्य. भूपराम, हाजी रफीक, अब्दुल वारी थे।