मसवासी(रामपुर) । चौकी क्षेत्र के गांव किशनपुर मौलागढ़ में मंगलवार आधी रात के बाद चोर एक किसान की पशुशाला से तीन पशु पिकअप में भरकर ले जाने लगे। इस दौरान किसान का पुत्र मौके पर पहुंच गया और उसने चोरी का विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर फायर झोंक दिया। जिससे वह घायल हो गया और पशु लूट फरार हो गए। घायल किसान को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
घटना चौकी क्षेत्र के किशनपुर मौलागढ़ गांव में सोमवार आधी रात के बाद करीब साढ़े बारह बजे की है। गांव निवासी जगदीश अपने घर में सो रहा था। आरोप है कि इस दौरान पांच-छह पशु चोर दीवार फांदकर उसके घर में घुस गए। चोरों ने जगदीश को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और उसके घर में बंधी तीन भैंस खोलकर अपने साथ लाए पिकअप वाहन में भर लीं। इसी दौरान जगदीश की पुत्रवधू जो एक अलग कमरे में सो रही थी उसने पशु चोरी को आए बदमाशों को देख लिया और फोन कर अपने पति दयाराम और दूसरे घर में सो रहे जगदीश के दूसरे बेटे राजपाल को मौके पर बुला लिया। दयाराम और राजपाल लाठी लेकर बदमाशों से भिड़ गए। जब बदमाशों ने खुद को घिरता देखा तो फायर कर दिया जिसके छर्रे जगदीश के सीने के पास लग गए और वह मौके पर ही गिर गया। इसी दौरान बदमाश पिकअप सहित भैंस लेकर फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर गांव में हड़कंप मच गया और आननफानन तमाम ग्रामीण मौके पर आ गए। घटना की जानकारी रात में ही पुलिस को दी गई। सूचना पर स्वार कोतवाल रूम सिंह बघेल और मसवासी चौकी इंचार्ज आनंद वीर सिंह मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की लेकिन पशु चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से अज्ञात पशु चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व नगर के मोहल्ला भूबरा में भी बदमाशों ने पिकअप वाहन में दो भैंसों को भरकर ले गए थे। विरोध में आए किसान को रास्ते से हटाने के लिए हवाई फायरिंग भी की थी।