मिलक। बिलासपुर रोड स्थित सिहारी मोड़ के पास सोमवार देर रात सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। बाजार से घरेलू सामान खरीदकर पैदल घर लौट रहे किसान को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बकैनिया निवासी 36 वर्षीय मुकेश कुमार खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार रात वह बिलासपुर रोड स्थित ग्राम रास डंडिया में लगने वाले बाजार से घरेलू सामान खरीदकर पैदल घर लौट रहे थे। सिहारी मोड़ के पास पीछे से आए एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कोतवाली प्रभारी मनीराम ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
सीओ पीपी सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक की तलाश कर रही है।