रामपुर। खेत से जबरन फसल उठाने का विरोध करने पर किसान के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल करने के मामले में अदालत ने खुजुरिया पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।
मामला खुजुरिया थाना क्षेत्र के एक गांव का है। प्रार्थी चरण सिंह के मुताबिक नौ अक्तूबर 2026 की शाम करीब छह बजे वह अपने खेत में था। आरोप है कि इस दौरान सुरेंद्र सिंह पक्ष के लोग ट्रैक्टर-ट्राली लेकर पहुंचे और उसकी अनुमति के बिना खेत से फसल उठाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट में धारदार हथियार और रायफल की बट का इस्तेमाल किया गया, जिससे उसके चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों ने उसे बचाया। घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। आरोप था कि घटना की शिकायत लेकर वह थाना खुजुरिया पहुंचा, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद उसने अदालत की शरण ली। अदालत ने खुजुरिया के प्रभारी को आदेशित किया है कि मामले में मामला पंजीकृत कर विवेचना कराई जाए और प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। संवाद