बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपलिया गोपाल मजरा में बृहस्पतिवार सुबह खेत की मेड़ तोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने कोतवाली के पास एक किसान को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
ग्राम निवासी महिपाल सिंह यादव के अनुसार, उनके कुछ पड़ोसियों ने उनके खेत की मेड़ तोड़ दी। बृहस्पतिवार सुबह जब उन्होंने इसका विरोध किया तो इसी बात को लेकर उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद वह मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली जा रहे थे। तभी कोतवाली के समीप तीन-चार लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो सभी आरोपी भागने लगे। इसी दौरान पुलिस भी पहुंच गई और मौके से चार लोगों को हिरासत में ले लिया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।