दढ़ियाल/रामपुर। फर्जी अल्ट्रासाउंड संचालित होने की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को दढ़ियाल में छापा मारकर एक अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अवैध लैब और क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया।
स्वास्थ्य विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नगर में बिना रेडियोलॉजिस्ट के अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित किया जा रहा है और जांच के नाम पर लोगों से धन वसूला जा रहा है। शुक्रवार दोपहर नायब तहसीलदार विश्वास कुमार और टांडा सीएचसी प्रभारी डॉ. सतपाल सिंह ने कृष्णा अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापा मारा।
जांच के दौरान टीम ने संचालक से सेंटर के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने स्पष्टीकरण मांगते हुए सेंटर को सील कर दिया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास संचालित झोलाछाप क्लीनिकों के संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई अवैध लैब, अल्ट्रासाउंड सेंटर और जच्चा-बच्चा केंद्र संचालित हो रहे हैं, जिन पर नियमित कार्रवाई की जरूरत है।
नोडल अधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि दढ़ियाल में अवैध अल्ट्रासाउंड संचालित होने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सेंटर सील किया गया है। जिले में कहीं भी अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।