कंट्रोल रूम में फेक काल करने वाले अब सावधान हो जाएं। अब इस तरह की काल कर पुलिस कर्मियों को परेशान नहीं कर सकेंगे। पुलिस ने इस तरह की काल करने वाले 250 फोन नंबरो के धारकों पर पुलिस को गुमराह करने का मुकदमा कायम किया है। एसपी के आदेश पर की गई इस तरह की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।
100 नंबर किसी भी शहर के बाशिंदे के लिए मुसीबत से छुटकारा दिलाने का नंबर होता है। यदि इस नंबर पर कोई काल करता है तो पुलिस की कोशिश होती है कि पीड़ित को तुरंत सहायता मिल सके,लेकिन इन नंबरों का अब लोग दुरुपयोग भी करने लगे हैं। कंट्रोल रूम के नंबर पर तमाम शरारती तत्व फोन कर पुलिस को गुमराह करते हैं।
कंट्रोल रूम पर इस तरह की शरारती कालो की संख्या बढ़ने की शिकायत कंट्रोल रूम प्रभारी ने एसपी से भी की थी,जिसके बाद एसपी ने इस तरह के नंबरो को ट्रेस करना शुरू कर दिया। इस दौरान 250 से ज्यादा नंबर पुलिस की पकड़ में आ गए। पुलिस को बेवजह काल कर खुद का मनोरंजन करने वाले ऐसे लोगों के खिलाफ एसपी संजीव त्यागी ने रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए,जिसके बाद कंट्रोल रूम प्रभारी ओमप्रकाश ने सिविल लाइंस थाने में ढाई सौ नंबरों की सूची देते हुए उनके खिलाफ पुलिस को परेशान करने और गुमराह करने का मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी ने बताया कि फोन पर शरारती तत्वों द्वारा की जाने वाली काल को ट्रेस आउट कराया गया है। सभी नंबरों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।