गुजरात एटीएस ने आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में किया था गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वार (रामपुर)। नरपतनगर निवासी फैजान सलमानी उर्फ फैजान शेख की पुलिस रिमांड शनिवार को समाप्त हो गई। गुजरात एटीएस ने उसे अहमदाबाद कोर्ट में पेश किया, जहां से कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
परिजनों के अनुसार फैजान गुजरात के नवसारी स्थित एक कोट पेंट बनाने के कारखाने में काम कर रहा था। इसी दौरान गुजरात एटीएस ने उसे आतंकी गठजोड़ के आरोप में हिरासत में लिया था।
जांच एजेंसी का दावा है कि उसके पास से संदिग्ध आतंकवादी साहित्य बरामद हुआ था तथा मोबाइल फोन में आपत्तिजनक चैट भी मिली थी। इसके आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पहले जेल भेजा गया था। बाद में एटीएस ने गहन पूछताछ के लिए उसे पुलिस रिमांड पर लिया।
रिमांड अवधि के दौरान उससे विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की गई और उसके संपर्कों की जांच की गई। फैजान के पिता शकील सलमानी ने बताया कि एटीएस अधिकारियों के माध्यम से उनकी बेटे से फोन पर बात कराई गई थी।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद उसे नवसारी से अहमदाबाद कोर्ट ले जाया जा रहा है। शनिवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए गए। मामले में एटीएस द्वारा आगे की जांच जारी है।