रामपुर। नवाब की संपत्ति के बंटवारे के विवाद को लेकर चल रही बयानबाजी पर पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने कहा कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट अपना फैसला सुना चुकी है। बस डिक्री आना शेष है। कोर्ट ने जो फैसला सुनाया है उसके हिसाब से सबको अपना-अपना हिस्सा मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि रामपुर में अब कोई नवाब नहीं है। सबको पता है कि रामपुर रिसायत के आखिरी नवाब रजा अली खां थे।
कोठी खासबाग में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में नवेद मियां ने कहा कि एक शख्स अपनी मां को किसी नवाब का रिश्तेदार बताकर बयानबाजी कर रहा है। ऐसा करके वह अपनी करतूतों पर पर्दा नहीं डाल सकता है। उन्होंने कहा है कि वह चाहते हैं कि रियासत कालीन धरोहरों का संरक्षण हो और रामपुर को टूरिज्म मैप पर लाया जाए। इस दिशा में सरकार और प्रशासन के प्रयासों की उन्होंने सराहना की। नवेद मियां ने कहा कि मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह के प्रयासों से रामपुर की कला, संस्कृति और हुनर को नया जीवन मिला है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और पूरे प्रशासन का रामपुर को टूरिज्म मैप पर लाने और यहां की खोई पहचान वापस लाने का प्रयास के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा विधायक आकाश सक्सेना का भी पूरा प्रयास रामपुर को बेहतर बनाए जाने और लोगों को रोजगार से जोड़ने का है। यह बात रामपुर के भविष्य के लिए अच्छी है।
नवेद मियां ने कहा कि रामपुर में रजा लाइब्रेरी, गांधी समाधि, खासबाग पैलेस, नवाब स्टेशन और कई ऐसे स्थान हैं, जिन्हें पर्यटन के मैप पर लाया जा सकता है, इससे रामपुर को फायदा होगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री के पीआरओ काशिफ खां, फैज खां, मुईन पठान एडवोकेट, आतिफ रजा खां, तनवीर गुड्डू, मोहम्मद जुबैर खां भी मौजूद रहे।