रामपुर। मतदान के बाद मंडी समिति के स्ट्रांग रूम में ईवीएम सुरक्षित रखवा दी गई हैं। इसके सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंडी समिति में सीसीटीवी कैमरे युक्त कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। यहां पर अब चौबीस घंटे सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। किसी भी बाहरी व्यक्ति को इनके आसपास नहीं फटकने दिया जाएगा। डीएम व एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया। मतदान के बाद ईवीएम पहुंचने का सिलसिला शुक्रवार की शाम को शुरू हुआ था, जो कि देर रात तक जारी रहा। देर रात तक पोलिंग पार्टियां पहुंचती रहीं। आधी रात के बाद ईवीएम को स्ट्रांग रूम में सुरक्षित कर दिया गया। यहां पर अर्धसैनिक बल के जवानों ने पूरे परिसर को कब्जे में ले लिया। मंडी समिति के आसापास भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
शनिवार को दिन भर अफसर यहां पर डटे रहे।यहां पर कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां पर बैठकर प्रत्याशियों के एजेंट ईवीएम पर निगाह रख सकते हैं। पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने मौका मुआयना भी किया। साथ ही पुलिसकमियों व अन्य अफसरों को आवश्यक निर्देश दिए।
सुरक्षा के ऐसे हैं इंतजाम
प्रशासन ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए कई स्तर की सुरक्षा की है। जिसमें सीआरपीएफ के 35 सशस्त्र जवान, इनर वार्ड में पांच सब इंस्पेक्टर और 16 कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल, पांच प्वाइंट पर एक-एक सब इंस्पेक्टर, मंडी गेट एक, दो, तीन से एफसीआई गोदाम तक फोर्स को लगाया गया है। मंडी के बाहर दीवारों के पास चारों तरफ तीन सब इंस्पेक्टर, एक-एक एसआई रैंक की टीम को लगाया गया है। इसके अलावा आठ कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल को भी लगाया गया है।
-
आधी रात में घर वापसी को लेकर भटकते रहे कर्मचारी
ईवीएम जमा करने का काम शुक्रवार की आधी रात तक जारी रहा। इस बीच यहां से मतदानकर्मियों को घर पहुंचाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई थी, जिसकी वजह से कर्मचारी वाहन का इंतजार करते रहे। हालांकि, कुछ कर्मचारी अपने वाहनों से आए थे, लेकिन तमाम कर्मचारी सरकारी वाहनों के भरोसे रहे। जिसकी वजह से इनको भटकना भी पड़ा। खासतौर से महिलाकर्मियों को काफी परेशानी हुई।