रामपुर। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में ही जिले में मतदान संपन्न होने के बाद दूसरे दिन शनिवार को प्रत्याशियों ने अपनी थकान उतारी। सुबह पहले अखबार पढ़ा और इसके बाद हार-जीत के आकलन में जुट गए। घरों से निकलकर कार्यालय पहुंचे और अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर हुई वोटिंग का गुणा-भाग करते दिखाई दिए। कुछ समय मिला तो परिवार के साथ सुकून के पल भी बिताए। चाय की चुस्कियों के बीच अपने बूथों का अनुमान लगाते रहे। फिर फोन पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं से बातचीत की। सभी प्रत्याशी अपने-अपने तरीके से अनुमान लगाने में जुटे हैं।
अपनों के साथ बिताया समय, गुणा-भाग करने में जुटे रहे लोधी
भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी ने शनिवार सुबह आंख खुलते ही सबसे पहले अखबारों की समीक्षा की। इसके बाद फोन पर कार्यकर्ताओं और नेताओं से बूथों की जानकारी लेने और मंथन करने के बाद सीधे कार्यालय को निकल गए। इसके बाद किस बूथ पर भाजपा को कितना मतदान हुआ है, इस पर गंभीरता से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं के साथ जीत-हार के आकलन में जुटे रहे।
कार्यकर्ताओं के साथ मौलाना मोहिब्बुल्लाह ने किया मंथन
सप प्रत्याशी मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी ने सुबह-सुबह परिवार के साथ बातचीत और फिर अखबारों की सुर्खियों से दिन की शुरुआत की। थकान मिटाने के बाद सीधे कार्यालय निकले और फिर कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत का दौर शुरू हो गया। इसके साथ कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ती रही और बूथवार जानकारियां लेते रहे। पूरा दिन मतदान के आंकड़ों की जानकारी और जीत-हार के आकलन में बीता।
-
अपनों के साथ बिताया समय, की माथापच्ची
बसपा प्रत्याशी जीशान खां सुबह की चाय के साथ मोहल्ले के लोगों से चुनाव को लेकर चर्चा की। इसके बाद सीधे कार्यालय पर पहुंचे। यहां पहले से बैठे कार्यकर्ताओं के से मतदान के आंकड़ों पर चर्चा की। किस बूथ पर कितने वोट पड़े, दिनभर इसकी चर्चा होती रही। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उन्हें आंकड़ों के हिसाब से जीत-हार का आकलन समझाया। शाम होती ही वह घर निकल गए।