सीतापुर जेल से रिहा होकर रामपुर जाने के दाैरान सपा नेता नेता आजम खां ने भावुक नजर आए। उन्होंने बसपा में जाने की अटकलों पर कुछ भी कहने से इनकार किया। कहा कि फिलहाल वह इलाज और सेहत पर ध्यान देंगे, फिर आगे की राह तय करेंगे।
सीतापुर जेल से रिहा होने के बाद सपा नेता आजम खां भावुक नजर आए। बाहर निकलते ही उन्होंने कहा पत्ता-पत्ता, बूटा-बूटा हमारी हालत जानता है। बसपा में शामिल होने की अटकलों पर उन्होंने फिलहाल चुप्पी साधते हुए कहा कि इस बारे में कुछ नहीं कह सकता। आजम खां ने आगे कहा कि वह अब अपना इलाज कराएंगे और सेहत पर ध्यान देंगे।
विज्ञापन
उन्होंने साफ कहा कि इसके बाद ही तय करेंगे कि आगे क्या करना है। रामपुर जाते समय शाहजहांपुर में सपा नेता आजम खान ने सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जो लोग मेरा समर्थन करते रहे, उन्हें मेरा आशीर्वाद। बसपा में शामिल होने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि इसका जवाब वही लोग दे सकते हैं जो यह अटकलें लगा रहे हैं।
जेल में मैंने किसी से कोई मुलाकात नहीं की। मुझे फोन करने की इजाजत नहीं थी। वह पिछले पांच साल से पूरी तरह संपर्क से बाहर रहे। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आजम खां की रिहाई का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आजम खां पर दर्ज सभी झूठे मामले सपा सरकार बनने पर वापस लिए जाएंगे।
विज्ञापन
अखिलेश ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भविष्य में कोई नया फर्जी मुकदमा न हो और किसी के साथ अन्याय न किया जाए। उन्होंने कहा कि आजम खां समाजवादी पार्टी और नेताजी के साथ हैं। उन्होंने भाजपा के खिलाफ लंबा संघर्ष किया है। हमें उम्मीद है कि हर झूठा मामला खत्म होगा।
जैसे भाजपा के नेताओं के लिए मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम ने केस वापस लिए, वैसे ही हमारी सरकार आने पर आजम खां पर दर्ज झूठे मुकदमे भी वापस होंगे। आजम खां के बसपा में जाने की चर्चाओं को लेकर अखिलेश साफ किया कि यह महज अफवाह है।
सपा नेता आजम खां की रिहाई के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। इस मौके पर पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन ने कहा कि आजम खां को कोर्ट से न्याय मिला है। वह पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं और आगे भी पार्टी में ही रहेंगे। उन्होंने साफ कहा कि उनकी पार्टी छोड़ने को लेकर जो भी चर्चाएं हैं, वे केवल अफवाह हैं।