रामपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। साथ ही छात्राओं ने लोगों को पेड़-पौधे, जल एवं वायु प्रदूषण के बारे में विस्तार से बताया और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की।
ग्राम घाटमपुर में चल रहे शिविर का शुभारंभ स्वयं सेविकाओं को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाकर किया। इसके बाद मुख्य वक्ता फैसल शाह खान एवं शबाना अफसर ने मुख्य विषय 'राष्ट्रीय एकता एवं पर्यावरण सुरक्षा' पर अपने विचार रखते हुए कहा कि पर्यावरण सुरक्षा के लिए हमें आगे बढ़ कर लोगों को जागरूक करना चाहिए। नए पौधे लगाए जाएं। जमीन बंजर हो रही है। भूकंप से शहर बर्बाद हो रहे हैं। अत: यह आवश्यक है कि पर्यावरण सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस अवसर पर एक पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें समरा जफर ने प्रथम स्थान, शाजदा ने द्वितीय स्थान तथा बुशरा शौकत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। साथ ही सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत स्वयं सेविकाओं को जागरूक किया गया।