रामपुर। उत्तराखंड जाने वाले वाहनों के रामपुर शहर के अंदर से होकर गुजरने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब यह वाहन शहर में दाखिल होने से पहले बाईपास से होकर गुजरेंगे। शहर में लग रहे जाम को देखते हुए डीएम ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने रामपुर से मुरादाबाद और बरेली की तरफ जाने वाले जीरो प्वाइंट का जायजा लिया है।
शनिवार की दोपहर करीब दो बजे के आसपास डीएम जोगिंदर सिंह ने एसपी विद्या सागर मिश्र के साथ रामपुर शहर से बरेली और मुरादाबाद हाईवे को जोड़ने वाले मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यहां पर लगे संकेतकों का जायजा लिया। डीएम ने निर्देश दिए हैंं कि नैनीताल, कैचीधाम और रुद्रपुर को जाने वाले वाहनों को बाईपास मार्ग से जाना होगा।
उत्तराखंड के इन शहरों को जाने वाले वाहनों को रामपुर शहर में प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान उन्होंने मोदी जेरॉक्स के करीब हाईवे पर बनवाए जा रहे ओवरब्रिज की प्रगति को लेकर भी निर्देश एनएचएआई के अधिकारियों को दिए हैं।
वहीं उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद एक ओर जहां निर्बाध यातायात व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी, वहीं दूसरी ओर सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
उन्होंने शहर के विभिन्न स्थलों के निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्तावित कार्यों को धरातल पर लाने में तेजी लाएं और जिन स्थलों पर अभी अतिक्रमण है, वहां से तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करें।