रामपुर। जिला अस्पताल में सीएमएस ने वार्डों से लेकर दवा कक्ष समेत ओपीडी का निरीक्षण किया। सीएमएस ने बिना आईडी के तैनात कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि ड्रेस कोड का पालन न करने पर उन्हें अनुपस्थित माना जाएगा। इसके साथ ही मरीजों की जांच रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएमएस ने कहा कि ड्रेस कोड का पालन नही करने पर कर्मचारी अनुपस्थित माने जाएंगे। उनका उस दिन का वेतन काटा जा सकता है। उन्होंने दवा कक्षा में देखा कि कर्मचारी बिना यूनिफॉर्म के दवा का वितरण कर रहे थे। इस पर सीएमएस ने एक कर्मचारी की अनुपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए।
सीएमएस डॉ. बीसी सक्सेना ने बताया कि जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स से लेकर सफाई कर्मचारी यूनिफॉर्म और आईडी के साथ ड्यूटी पर उपस्थित होंगे। ड्रेस कोड का पालन नहीं करने पर संबंधित कर्मचारी को उस दिन अनुपस्थित मानते हुए वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।