रामपुर। शहर से लेकर देहात के क्षेत्रों तक बिजली की समस्या से लोग बेहाल हैं। एक तरफ भीषण गर्मी के साथ उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। तो वहीं दूसरी ओर बिजली ट्रिपिंग और कटौती परेशान कर रही है। देहात क्षेत्र के पटवाई के आधा दर्जन गांव में सप्लाई बाधित हैं, जिससे यहां के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर में सुबह 9 बजे से डूंगरपुर और पहाड़ीगेट इलाके में बिजली की ट्रिपिंग हुई है। हर 20 मिनट पर बिजली जा रही है। इसके साथ दोपहर एक से चार बजे तक दोनों इलाकों में कटौती हुई है। सुबह से लोग उमस और गर्मी से परेशान हो रहे हैं। शहर के साथ देहात के क्षेत्रों का बुरा हाल है। चार-चार घंटों के लिए बिजली सप्लाई बाधित हो रही है। इसको लेकर ग्रामीण पसीने से तरबतर हो रहे हैं। इसमें पटवाई क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांवों में बिजली सप्लाई बाधित है। दोपहर करीब एक से पांच बजे तक सप्लाई बाधित रही है। अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार का कहना है कि बिजली कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि शहर में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली दी जाएगी। गांव में किसी फाल्ट की वजह से बिजली सप्लाई नहीं आई होगी, इसका पता लगाया जाएगा।