रामपुर। पर्यावरण सरंक्षण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का चलन बढ़ गया है, बदलते दौर को देखते हुए पेट्रोल पंपों पर भी अब बदलाव हो रहा है। पेट्रोल के साथ चार्जिंग सुविधा दी जाएगी। इसके लिए पंपों पर सर्किट बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।
मौजूदा समय में रामपुर में 115 पेट्रोल पंप संचालित हैं। जबकि जिले में 15-16 एजेंसी ई-स्कूटी की हैं। जिनकी खरीदारी इन दिनों काफी है और अब चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम किया जा रहा है। इलेक्ट्रिक वाहन काफी संख्या में सड़कों पर हैं, इलेक्ट्रिक स्कूटर और ई-कार सड़कों पर फर्राटे भी रही हैं। इसको चार्ज करने में सात से आठ घंटे लगते हैं। एक बार चार्जिंग होने के बाद 40 किमी तक यह वाहन चलते हैं। इस सुविधा को देखते हुए अब पेट्रोल पंपों पर चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम किया जा रहा है। इसमें यदि किसी व्यक्ति की स्कूटी की चार्जिंग खत्म हो जाती है तो किसी भी पेट्रोल पंप पर चार्जर निकालकर वह चार्ज कर सकता है। यह व्यवस्था पूरी तरह से निशुल्क रहेगी। पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष शरद ने बताया कि कंपनियों ने पंपों से संपर्क साधा है और चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए अपील की है।