केमरी (रामपुर)। विदेश भेजने का झांसा देकर केमरी के युवक से दो लाख रुपये ठग लिए गए। दस्तावेज फर्जी मिलने पर युवक को मुंबई हवाई अड्डे से वापस लौटा दिया गया। युवक ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर पैसे वापस दिलाने की मांग की है।
केमरी के मोहल्ला चमारान निवासी विष्णु कुमार ने शनिवार को एसपी को बताया कि वह जनवरी में उसकी मुलाकात बमनपुरी गेट, रामपुर निवासी एक युवक से हुई। आरोपी ने उसे सऊदी अरब के एक अस्पताल में नौकरी लगवाने व 35 हजार रुपये प्रति माह तनख्वाह दिलाने की बात कही। उसने सऊदी अरब भेजने के नाम पर दो लाख रुपये का खर्च बताया।युवक से नकद व अकाउंट के माध्यम से अप्रैल 2024 तक डेढ़ लाख रुपये ले लिए व उसके दस्तावेज तैयार कराने की बात कही। सात मई को आरोपी ने उसको सऊदी अरब जाने के लिए मुंबई एयरपोर्ट भेजा। जहां एयरपोर्ट अधिकारियों ने उसके दस्तावेजों को फर्जी बताकर एयरपोर्ट पर रोक लिया व उसको अपने साथ अपने कार्यालय ले गए। अधिकारियों ने उसको वापस घर भेज दिया गया। घर वापस आने पर युवक ने आरोपी से इस मामले में बात की और अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उसको पैसे देने से इन्कार कर दिया और कहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित युवक ने एसपी से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर उसके पैसे वापस दिलाने की मांग की है।