रामपुर। अजीतपुुर बिजलीघर के लिए नई हाइटेंशन लाइन के निर्माण के चलते आपूर्ति बाधित रही। अजीतपुर, सिविल लाइंस, आम्बेडकर पार्क एवं नवाब गेट क्षेत्र में बिजली न आने की वजह से लोगों को काफी दिक्कतें हुईं। यह समस्या आने वाले कुछ दिनों तक रहेगी, जिस पर विभाग की ओर से उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की गई है।
जिले में बिजली सुधार के लिए बड़े पैमाने पर कार्य किया जा रहा है। सिविल लाइंस और अजीतपुर बिजलीघर क्षेत्र के लिए 33 केवी की एक ही हाइटेंशन लाइन जा रही है, जिस वजह से अक्सर फाल्ट होता है तो दोनों क्षेत्रों की आपूर्ति ठप हो जाती है। ऐसे में विभाग की ओर से अजीतपुर क्षेत्र के लिए अलग से बिजली लाइन बनाने का कार्य किया जा रहा है। सोमवार से यह काम शुरु हो गया। ऐसे में सिविल लाइंस, अजीतपुर, आम्बेडकर पार्क, नवाब गेट बिजलीघर क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह साढ़े आठ बजे से शुरु हुआ यह काम सुबह को साढ़े दस बजे तक जारी रहा। अवर अभियंता राहुल यादव ने बताया ने बताया कि यह काम अभी और कुछ दिन तक चलेगा, जिस वजह से सुबह को साढ़े आठ बजे से सुबह को साढ़े दस बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। ऐसे में जनता से अपील है कि लोग सहयोग करें, जिससे किसी भी तरह दिक्कत न हो।