मिलक खानम। महूनागर गांव में बुधवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बिजली के पोल को टक्कर मार दी। इससे 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन दिलीप सिंह सैनी के नए बने मकान के लिंटर पर गिर गई। पोल टूटने से क्षेत्र के कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। विभाग ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति सुचारु कराई।
दिलीप सिंह सैनी ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले ही मकान की छत पर लिंटर डलवाया था। आरोप है कि गांव का शिफ्ते ट्रैक्टर लेकर उनके घर के पास से गुजरा। ट्रैक्टर की टक्कर से पोल टूट गया और हाईटेंशन लाइन मकान पर आ गिरी।
परिजनों ने बताया कि करंट लगने का खतरा बना रहा, जिससे परिवार में दहशत फैल गई। मिलक खानम थाना प्रभारी नरेश कुमार ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नुकसान की भरपाई कराई जाएगी।
बिजली निगम के जेई ओम प्रकाश पटेल ने बताया कि सरकारी संपत्ति और मकान को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपी ने क्षतिपूर्ति नहीं की तो विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर बिजली आपूर्ति बंद कर दी थी। इसके बाद लाइन को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी गई।