सैफनी। थाना क्षेत्र के बड़ा गांव में सोमवार को खेत की जोताई के दौरान ट्रैक्टर पर बैठा आठ वर्षीय मासूम अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया और रोटावेटर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सोमवार को बड़ा गांव निवासी निसार के खेत की जोताई हो रही थी। इसी दौरान निसार का आठ वर्षीय पुत्र एजान ट्रैक्टर पर बैठा था। अचानक तेज झटका लगने से बच्चा अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ा और ट्रैक्टर के पीछे चल रहे रोटावेटर की चपेट में आ गया। जब तक ट्रैक्टर रोका गया, तब तक मासूम गंभीर रूप से लहूलुहान हो चुका था और उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।