नाला निर्माण के लिए खुदाई की वजह से जेल की दीवार में दरार पड़ गई है। जेल की दीवार में दरार आने से निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया गया है। जेल प्रशासन ने इस बारे में शासन को अवगत करा दिया है। नाला निर्माण कराने वाली एजेंसी से इसकी मरम्मत कराने को कहा गया है।
जिला कारागार की दीवार के पास नाले का निर्माण कराया जा रहा है। नाला निर्माण की जिम्मेदारी जल निगम की कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस को सौंपा गई है। दो दिन पहले नाला निर्माण के लिए की गई खुदाई से दीवार में दरार आ गई। दो जगह लंबी-लंबी दरारें आई हैं। जानकारी मिलने के बाद अधिकारी सक्रिय हो गए।
जानकारी डीआईजी जेल सहित अन्य अधिकारियों को दी गई। आनन-फानन में नाला निर्माण का कार्य रोक दिया गया। जेल प्रशासन ने चटकी हुई दीवार की मरम्मत कराने के लिए जल निगम की कार्यदायी संस्था के अफसरों को दी है। कार्यवाहक जेल अधीक्षक आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि नाला निर्माण की वजह से जेल की दीवार चटक गई है।
इसकी मरम्मत के लिए सीएंडडीएस को लिखा गया है। जल्द ही इस दीवार की मरम्मत शुरू कराने की बात कही गई है। दीवार चटकने से फिलहाल किसी भी तरह का कोई खतरा नहीं है।