रामपुर। जिले में रविवार देर रात और सोमवार सुबह हुई बारिश और हल्की हवा ने विद्युत विभाग की व्यवस्था की पोल खोल दी। जिले के करीब 495 से अधिक गांवों में पांच से 15 घंटे की बिजली कटौती हुई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हवा और बारिश से शहर में भी आपूर्ति बाधित रही। ज्वालानगर, सिविल लाइंस, किला, पहाड़ी गेट, शाहबाद गेट समेत शहरी इलाकों में पांच घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। वहीं मिलक में 12 घंटे, शाहबाद में 15 घंटे और केमरी में करीब 65 गांवों की आपूर्ति सात घंटे ठप रही। स्वार-मिलकखानम में 250 गांवों की बिजली 10 घंटे तक बाधित रही, जबकि भोट में 80 से अधिक गांव पांच घंटे अंधेरे में डूबे रहे। तेज हवाओं ने पेड़ उखाड़े, तार तोड़े और कई जगह बिजली के खंभे गिरा दिए। रातभर अंधेरे और गर्मी से परेशान लोगों को सुबह तक पानी की सप्लाई भी नहीं मिल सकी।
000
मिलक में 12 घंटे बाद बहाल हुई बिजली
रविवार रात आंधी-बारिश से पेड़ गिरे और इंसुलेटर टूटे, जिससे नगर व ग्रामीण इलाके पूरी रात अंधेरे में रहे। जेई हसनैन अंसारी ने बताया कि मरम्मत के बाद सोमवार दोपहर करीब दो बजे, लगभग 12 घंटे बाद आपूर्ति बहाल की गई।
000
शाहबाद में पेड़ गिरने से 25 गांवों की बिजली 15 घंटे ठप
रविवार रात तेज आंधी से मधुकर गांव के बिजलीघर की लाइन पर पेड़ गिर गया, जिससे करीब 25 गांवों की आपूर्ति 15 घंटे बाधित रही। एसडीओ अलंकृत मिश्रा ने बताया कि तार जोड़कर आपूर्ति बहाल कर दी गई।
000
केमरी में खंभे गिरने से 65 गांव प्रभावित
आंधी और बारिश के कारण कई स्थानों पर खंभे गिर गए और हाईटेंशन लाइनों पर टहनियां आ गईं। केमरी समेत 65 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। जेई निरंजन गुप्ता ने बताया कि क्षतिग्रस्त खंभों को दुरुस्त किया जा रहा है।
000
स्वार-मिलकखानम: 250 गांवों में 10 घंटे आपूर्ति बाधित
आंधी के कारण हाईटेंशन लाइनों पर टहनियां गिरने से ब्रेकडाउन हो गया। स्वार में सुबह 11 बजे और मिलकखानम में दोपहर दो बजे आपूर्ति बहाल हुई। नौ पोल क्षतिग्रस्त हुए और एक ट्रांसफार्मर गिर गया।
000
भोट : 80 गांवों में पांच घंटे बिजली ठप
भोट सब स्टेशन से जुड़े सभी फीडर सोमवार सुबह ठप हो गए, जिससे 80 से अधिक गांव प्रभावित हुए। जेई ओमप्रकाश पटेल ने बताया कि पेड़ हटाकर करीब 11 बजे आपूर्ति बहाल की गई।
000
बिलासपुर : 100 से अधिक गांवों में 16 घंटे बिजली नहीं
आंधी से चार खंभे टूट गए और 12 उपकेंद्र ठप हो गए। 100 से अधिक गांवों में 16 घंटे से अधिक समय तक बिजली नहीं रही। एसडीओ प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि मरम्मत का कार्य जारी है।