मसवासी। हसनपुर गांव में पालतू कबूतरों को लेकर पड़ोसियों के बच्चों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर मारपीट की और युवती के साथ भी अभद्रता की गई। बच्चों की मां की ओर से चौकी पुलिस को घटना की तहरीर दे दी गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मसवासी पुलिस चौकी के गांव हसनपुर निवासी महिला मिस्कीन जहां का कहना है कि उसका पति वाहन चालक है। वह तथा उसका पति सोमवार घर में मौजूद नहीं थे। महिला का कहना है कि उसका 12 वर्ष का बेटा और दो जवान बेटियां घर पर अकेली थीं। उसका बेटा कबूतर पालता है। गांव के ही एक बच्चे का पालतू कबूतर उसके बेटे के कबूतरों के पास आ गया। अपने कबूतर को वापस ले जाने के दौरान बच्चों-बच्चों में विवाद हो गया था जिसके बाद परिवार के लोग उसके घर में घुस आए और मारपीट करने लगे। महिला का आरोप है कि हमलावरों ने उसकी दो बेटियों के साथ अभद्रता भी की। इसके बाद वह आइंदा देख लेने की धमकी देकर चले गए। पीड़ित महिला जब घर आई तब इस घटना का पता चला। वह बच्चों को साथ लेकर मसवासी पुलिस चौकी पहुंची और घटना की तहरीर देदी। पुलिस ने घटना की जांच के बाद समुचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।