सीबीएसई नेशनल हॉकी टूर्नामेंट में दयावती मोदी अकादमी रामपुर की लड़कियों ने सेमीफाइनल में भी प्रतिभा दिखाई है। उन्होंने पानीपत की टीम को पराजित कर टूर्नामेंट के फाइनल में जगह पक्की कर ली। अब लड़कियों की टीम फाइनल में दूसरे सेमीफाइनल जीतने वाली टीम से भिड़ेगी।
कर्नाटक में इन दिनों सीबीएसई नेशनल हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। टूर्नामेंट में रामपुर से दयावती मोदी अकादमी के साथ ही व्हाइट हाल पब्लिक स्कूल की टीम हिस्सा ले रही है। टूर्नामेंट में रामपुर की डीएमए की टीम छाई है।
बालिकाओं की अंडर 14 टीम का मुकाबला शनिवार को आर्य गर्ल्स पब्लिक स्कूल पानीपत की टीम के साथ हुआ। इसमें डीएमए ने पानीपत को दो गोल से पराजित कर दिया। पानीपत की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। डीएमए की ओर से नीलम व आकांक्षा ने एक-एक गोल दागा। इस तरह डीएमए की टीम ने फाइनल में जगह बना ली।
सेमीफाइनल में जीत की सूचना के बाद स्कूल प्रशासन में खुशी की लहर दौड़ गई। इस दौरान कोच विनीता त्यागी, सौरभ शर्मा, राघवेंद्र के साथ ही इमरान उर रहमान आदि मौजूद रहे। यहां पर प्रधानाचार्या डा.सुमन तोमर ने इस पर खुशी जाहिर की। साथ ही फाइनल जीतने की आशा व्यक्त की।