रामपुर। लोकसभा चुनाव में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम की कमिशनिंग का कार्य मंगलवार आज से शुरू होगा। इसके लिए प्रशासन ने अपने स्तर से तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने तैयारियों का जायजा लेते हुए अफसरों को आवश्यक निर्देश दिए।
19 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए नवीन मंडी परिसर में ईवीएम की कमिशनिंग का कार्य मंगलवार से प्रारंभ हो रहा है। आयोग द्वारा ईवीएम कमिशनिंग के संबंध में निर्धारित प्रक्रिया का गंभीरता पूर्वक अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी जोगिंदर सिंह ने मंडी परिसर का निरीक्षण किया। विधानसभा वार ईवीएम की कमिशनिंग को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी एसडीएम को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि कमिशनिंग प्रक्रिया से संबंधित कोई भी अधिकारी और कर्मचारी बिना आईडी कार्ड के प्रवेश नहीं करेगा। संबंधित एसडीएम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी दशा में कोई भी कर्मचारी मोबाइल फोन नहीं लाएगा।
कमिशनिंग प्रक्रिया आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा के विभिन्न आयामों का अनुपालन निश्चित करते हुए कराया जाना है। इसके लिए उन्होंने सभी एसडीएम को अपनी देखरेख में तैयारियां पूर्ण कराते हुए समयबद्ध तरीके से कमिशनिंग कार्य को प्रारंभ कराने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी हेमसिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन लालता प्रसाद शाक्य, जॉइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन सहित समस्त एसडीएम एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।