आगापुर बाईपास पर शुक्रवार रात तेज रफ्तार बोलेरो एक मिनी बस से भिड़ गई। हादसे में बोलेरो के चालक की मौत हो गई, जबकि मिनी बस में सवार 14 नेपाली छात्र-छात्राएं घायल हो गए। यह लोग नेपाल के ली ग्रांड कालेज से महाराष्ट्र का टूर पूरा करके लौट रहे थे। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया है। पुलिस ने मिनी बस के चालक को हिरासत में ले लिया है।
जिला मुुरादाबाद के मूूंढापांडे निवासी समयपाल का भाई बलवंत किसी काम से शुक्रवार शाम को बोलेरो से रामपुुर आया था। काम निपटाने के बाद वह देर रात घर जा रहा था। इस दौरान आगापुर बाईपास पर सामने से आ रही मिनी बस के चालक ने बस को लापरवाही से चलाते हुए बोलेरो में टक्कर मार दी। जिससे बोलेरो चालक बलवंत व बस में सवार नेपाल के ली ग्रांड कालेज के छात्र व छात्राएं घायल हो गए। हादसे के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बोलेरो चालक बलवंत को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाद में युवक के परिवार के लोग जिला अस्पताल में पहुंच गए जहां परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने इस मामले में मिनी बस के चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी पंजाब के थाना फतेहगढ़ के गांव सरहिंद निवासी लेखराज है जबकि बस में सवार नेपाली छात्र सुजान, ईस्सहान, सौरभ, कीर्तन, आकाश, मनोज, विट्टा, मनीष, सुनैना आदि छात्रों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि कुछ छात्रों को हल्की चोट आने से मरहम पट्टी कर छोड़ दिया गया।